
बिलासपुर। जिले के दारसागर क्षेत्र के कृषकगण एवं जनप्रतिनिधियों ने कलेक्टर बिलासपुर को ज्ञापन सौंपकर आदि सेवा सहकारी समिति मर्या. दारसागर (पंजीक्रमांक 820) में धान खरीदी केन्द्र अविलम्ब प्रारंभ कराने की मांग की है। किसानों का कहना है कि समिति में 06 ग्राम पंचायतें और कुल 15 गाँव शामिल हैं, लेकिन इसके बावजूद अब तक केंद्र की शुरुआत नहीं हुई है, जिससे किसानों में गहरी निराशा और असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
कृषकों ने बताया कि विगत वर्षों से वे बेलगहना धान मण्डी में धान बेचते आ रहे हैं, जो उनके गांवों से 10 से 15 किलोमीटर दूर स्थित है। बेलगहना केंद्र में पहले से ही लगभग 25 गाँव शामिल हैं और हर वर्ष लगभग 1,25,000 क्विंटल से अधिक धान की खरीदी होती है। ऐसे में दूरस्थ किसानों को आवक टोकन प्राप्त करने से लेकर परिवहन, तौल व वापसी तक काफी असुविधाओं का सामना करना पड़ता है। कई बार देर रात तक किसानों को लौटना पड़ता है, जिससे समय, धन और श्रम—तीनों की क्षति होती है।
किसानों ने यह भी बताया कि इस वर्ष 15 नवंबर से धान खरीदी प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है, लेकिन बेलगहना समिति अब दारसागर के किसानों को आवक टोकन नहीं दे रही, जबकि दारसागर समिति अस्तित्व में आ चुकी है और नियमों के अनुसार प्रत्येक समिति में धान खरीदी केंद्र अनिवार्य है।

किसानों ने कलेक्टर से अनुरोध किया है कि उनकी समस्याओं को ध्यान में रखते हुए दो दिवस के भीतर दारसागर में धान खरीदी केंद्र प्रारंभ करने का आदेश जारी किया जाए, ताकि किसानों को राहत मिल सके।




