
बिलासपुर । मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने बिलासपुर के पास हुई भीषण ट्रेन दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने इस हादसे को अत्यंत दुःखद एवं पीड़ादायक बताते हुए दिवंगतों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की। मुख्यमंत्री ने कहा कि ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिवारों को यह असहनीय दुःख सहने की शक्ति दें।
मुख्यमंत्री श्री साय ने घोषणा की है कि राज्य सरकार मृतकों के परिजनों को ₹5 लाख तथा घायलों को ₹50 हजार की आर्थिक सहायता देगी। उन्होंने कहा कि सभी घायलों के नि:शुल्क एवं समुचित इलाज की व्यवस्था की गई है और जिला प्रशासन को राहत एवं बचाव कार्यों को तीव्र गति से संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता और सतर्कता के साथ स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 4 नवम्बर की रात बिलासपुर स्टेशन के समीप मालगाड़ी एवं मेमू लोकल ट्रेन के डिरेलमेंट की घटना में 11 यात्रियों की मृत्यु हुई है, जबकि 20 यात्री घायल हुए हैं। रेल प्रशासन द्वारा राहत और बचाव कार्य तत्काल प्रारंभ कर दिए गए थे। सभी घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कर उपचार प्रदान किया जा रहा है।
रेल प्रशासन ने बताया कि घायलों को तत्काल अनुग्रह सहायता के रूप में ₹50,000 प्रत्येक प्रदान किए गए हैं। घायलों का उपचार विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में जारी है। रेलवे और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी लगातार स्थिति की निगरानी कर रहे हैं तथा चिकित्सा, परिवहन एवं अन्य आवश्यक सहायता सुनिश्चित की जा रही है।
घायल यात्रियों में मथुरा भास्कर (55 वर्ष), चौरा भास्कर (50 वर्ष), शत्रुघ्न (50 वर्ष), गीता देबनाथ (30 वर्ष), मेहनिश खान (19 वर्ष), संजू विश्वकर्मा (35 वर्ष), सोनी यादव (25 वर्ष), संतोष हंसराज (60 वर्ष), रश्मि राज (34 वर्ष), ऋषि यादव (2 वर्ष), तुलाराम अग्रवाल (60 वर्ष), अराधना निषाद (16 वर्ष), मोहन शर्मा (29 वर्ष), अंजूला सिंह (49 वर्ष), शांता देवी गौतम (64 वर्ष), प्रीतम कुमार (18 वर्ष), शैलेश चंद्र (49 वर्ष), अशोक कुमार दीक्षित (54 वर्ष), नीरज देवांगन (53 वर्ष) एवं राजेंद्र मारुति बिसारे (60 वर्ष) शामिल हैं।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा सूचित किया जाता है कि एक अप्रत्याशित स्थिति के मद्देनज़र यात्रियों एवं उनके परिजनों की सुविधा हेतु निम्न हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं —
📞 आपातकालीन संपर्क:
📍 बिलासपुर – 7777857335, 7869953330
📍 चांपा – 8085956528
📍 रायगढ़ – 9752485600
📍 पेंड्रा रोड – 8294730162
📍कोरबा – 7869953330
मुख्यमंत्री श्री साय ने राहत कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जाए और प्रभावितों को हरसंभव सहायता तुरंत उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हर पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और घायल यात्रियों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।




