छत्तीसगढ़बिलासपुर

बिलासपुर पुलिस में 17 आरक्षकों को नियुक्ति पत्र, चयनित अभ्यर्थियों में उत्साह  .

बिलासपुर। आरक्षक संवर्ग भर्ती प्रक्रिया वर्ष 2023-24 के अंतर्गत चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति देने की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। इसी क्रम में आज दिनांक 17 दिसंबर 2025 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह (आईपीएस) द्वारा 17 चयनित उम्मीदवारों को आरक्षक (जीडी) पद हेतु नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। नियुक्ति आदेश प्राप्त कर चयनित अभ्यर्थियों में खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिला।

आरक्षक संवर्ग चयन प्रक्रिया के तहत पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज द्वारा अनुमोदित सूची के अनुसार सभी चयनित उम्मीदवारों का नियमानुसार चरित्र सत्यापन एवं मेडिकल परीक्षण कराया गया। समस्त प्रक्रियाएं पूर्ण करने के पश्चात शासकीय सेवा के योग्य पाए गए उम्मीदवारों को जिला पुलिस बल बिलासपुर में आरक्षक (जीडी) के रिक्त पदों पर अस्थायी रूप से आगामी आदेश पर्यंत आमद दी गई है। सभी नवनियुक्त आरक्षकों ने रक्षित केंद्र बिलासपुर में अपनी आमद दर्ज कराई।

इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह ने उपस्थित जिला पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में नवनियुक्त जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि पुलिस विभाग अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और सेवा भाव का प्रतीक है। उन्होंने सभी जवानों को पूर्ण निष्ठा व समर्पण के साथ आमजन की सुरक्षा एवं समस्याओं के निराकरण के लिए कार्य करने की प्रेरणा दी। साथ ही किसी भी प्रकार के अनुचित कार्य एवं संदिग्ध आचरण से दूर रहकर ईमानदारी से सेवा करने की हिदायत दी।

एसएसपी श्री सिंह ने हजारों अभ्यर्थियों में से चयनित होकर पुलिस विभाग में शामिल होने पर सभी नवनियुक्त आरक्षकों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं तथा बिलासपुर पुलिस एवं छत्तीसगढ़ पुलिस का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। शेष चयनित उम्मीदवारों की भी निर्धारित प्रक्रियाएं पूर्ण कर शीघ्र ही नियुक्ति दी जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page