दैनिक भूमि न्यूज़ की खबर का असर, जागा शिक्षा विभाग, जांच टीम गठित, कार्रवाई शुरू.

बिलासपुर से शिक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा करने वाली खबर सामने आई है। बिल्हा विकासखंड के ग्राम नेवसा में संचालित मॉडर्न पब्लिक हाई स्कूल को लेकर चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। जानकारी के मुताबिक यह स्कूल पिछले 8 से 10 वर्षों से बिना वैध मान्यता के संचालित हो रहा है, बावजूद इसके यहां 12वीं तक की पढ़ाई लगातार जारी है।
दैनिक भूमि न्यूज़ में खबर प्रकाशित होने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने स्वतः संज्ञान लेते हुए जांच के लिए टीम गठित करने के निर्देश दिए हैं। लेकिन सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या विभाग को इतने वर्षों से इसकी जानकारी नहीं थी, या फिर जानबूझकर अनदेखी की जाती रही?
आरोप यह भी हैं कि स्कूल प्रबंधन खुद को प्रभावशाली लोगों से जुड़ा बताकर कार्रवाई से बचता रहा। अगर यह सच है, तो यह सिर्फ एक स्कूल का मामला नहीं, बल्कि पूरे शिक्षा तंत्र पर गंभीर प्रश्नचिह्न है।
हाल ही में प्रशासन द्वारा निजी स्कूलों के लिए मान्यता कोड प्रदर्शित करना, फीस नियमों का पालन और पारदर्शिता जैसे सख्त निर्देश जारी किए गए थे, लेकिन नेवसा का यह स्कूल खुलेआम इन नियमों की अनदेखी करता नजर आ रहा है।
अब देखना होगा कि जिला शिक्षा अधिकारी इस मामले में क्या ठोस कार्रवाई करते हैं या फिर यह मामला भी कागजों तक सीमित रह जाएगा। फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि बच्चों के भविष्य के साथ इस तरह का खिलवाड़ आखिर कब तक चलता रहेगा।




