वार्ड 29 में चुनावी संग्राम तेज, कांग्रेस-भाजपा-आप के बीच त्रिकोणीय मुकाबला .

Bilaspur / न्यायधानी बिलासपुर के वार्ड क्रमांक 29 संजय गांधी नगर तारबाहर में होने वाले उपचुनाव को लेकर सियासी माहौल पूरी तरह गरमा गया है। 1 जून को मतदान और 4 जून को मतगणना से पहले नामांकन के अंतिम दिन कांग्रेस, भाजपा और आम आदमी पार्टी ने पूरे दमखम के साथ अपने-अपने प्रत्याशियों का नामांकन दाखिल कर शक्ति प्रदर्शन किया।
वार्ड 29 को पिछले लगभग 35 वर्षों से कांग्रेस का मजबूत गढ़ माना जाता रहा है। यहां स्वर्गीय शेख गफ्फार लगातार पार्षद रहे और उसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए कांग्रेस ने इस बार स्वर्गीय शेख असलम के पुत्र शेख मोहम्मद आजम को उम्मीदवार बनाया है। नामांकन रैली में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान पूर्व शिक्षामंत्री एवं खरसिया विधायक उमेश पटेल ने दावा किया कि इस बार भी कांग्रेस जीत दर्ज करेगी। कांग्रेस प्रत्याशी आजम ने क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं को प्राथमिकता से हल करने का भरोसा दिलाया।
वहीं भाजपा ने “ट्रिपल इंजन सरकार” के नारे के साथ मधुसूदन राव को मैदान में उतारा है। भाजपा का कहना है कि इस बार जनता बदलाव के मूड में है। प्रत्याशी मधुसूदन राव ने क्षेत्र में पानी और बुनियादी सुविधाओं की कमी को बड़ा मुद्दा बताते हुए समाधान का वादा किया। नामांकन के दौरान भाजपा ने भी जोरदार शक्ति प्रदर्शन किया।
आम आदमी पार्टी ने भी इस चुनाव को गंभीरता से लेते हुए साहिल खान को प्रत्याशी बनाया है। पार्टी ने स्वास्थ्य, शिक्षा और स्वच्छता को अपने मुख्य मुद्दे बताया है।
अब वार्ड 29 में त्रिकोणीय मुकाबले ने चुनाव को दिलचस्प बना दिया है। सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि क्या कांग्रेस अपना वर्षों पुराना गढ़ बचा पाएगी या भाजपा और आप कोई बड़ा उलटफेर करने में सफल होंगी।




