ज्वेलरी शॉप और सूने मकानों में चोरी करने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार:बिलासपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई .

बिलासपुर। शहर के मंगला और आसपास के क्षेत्रों में लगातार हो रही चोरी की वारदातों पर नकेल कसते हुए सिविल लाइन पुलिस ने चार शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने आजाद चौक मंगला स्थित ‘मां ज्वेलरी शॉप’ सहित कुदुदण्ड और मैत्री विहार कॉलोनी के सूने मकानों को अपना निशाना बनाया था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) रजनेश सिंह के निर्देश पर गठित टीम ने इस गुत्थी को सुलझाने के लिए लगभग 120 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर चार युवकों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे शटर में कटास लगाकर और ताले तोड़कर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
1 सोनू उर्फ शिवा सूर्यवंशी (20 वर्ष): पिता स्व. विश्वनाथ सूर्यवंशी, निवासी आजाद चौक जैतखाम के पास, थाना सिविल लाईन, बिलासपुर।
2 राहुल सूर्यवंशी (19 वर्ष): पिता राजेश सूर्यवंशी, निवासी आजाद चौक मंगला, थाना सिविल लाईन, बिलासपुर।
3 आदित्य सूर्यवंशी (19 वर्ष): पिता सुखनाथ सूर्यवंशी, निवासी आजाद चौक मंगला, थाना सिविल लाईन, बिलासपुर।
4 नंद कुमार केवट (19 वर्ष): पिता सहोरिक केवट, निवासी पटेल भवन के पास मंगला, थाना सिविल लाईन, बिलासपुर।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1 किलोग्राम चांदी के जेवरात, सोने जैसे आर्टिफिशियल आभूषण और 75,000 रुपये नगद बरामद किए हैं। बरामद मशरूका की कुल कीमत लगभग 4,50,000 रुपये आंकी गई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।




