बिलासपुर

फेक न्यूज पर सख्ती : बिलासपुर में निगरानी समिति गठित, अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई .

बिलासपुर / पश्चिम एशिया में उत्पन्न हालात के चलते एलपीजी, पेट्रोल, डीजल एवं उर्वरकों की उपलब्धता को लेकर सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक खबरों को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर सोशल मीडिया पर प्रसारित सूचनाओं की निगरानी के लिए एक विशेष समिति का गठन किया गया है।

इस समिति के अध्यक्ष अपर कलेक्टर शिव कुमार बनर्जी बनाए गए हैं, जबकि खाद्य नियंत्रक अमृत कुजूर को सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है। समिति में उप संचालक जनसंपर्क मुनुदाऊ पटेल, साइबर सेल के निरीक्षक गोपाल सतपथी, जिला समन्वयक (सोशल मीडिया) सुश्री रेहाना तबस्सुम, प्रेस क्लब बिलासपुर के अध्यक्ष अजीत मिश्रा, पत्रकार किशोर सिंह तथा वरिष्ठ पत्रकार भास्कर मिश्रा को सदस्य नियुक्त किया गया है।

यह समिति विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर प्रसारित खबरों की लगातार निगरानी करेगी। फेक न्यूज की त्वरित पहचान कर उसका खंडन सुनिश्चित किया जाएगा तथा अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ आईटी एक्ट और भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी अपुष्ट जानकारी पर विश्वास न करें और केवल आधिकारिक स्रोतों से प्राप्त सूचनाओं पर ही भरोसा करें। साथ ही, किसी भी संदिग्ध या भ्रामक खबर की जानकारी तत्काल प्रशासन को देने का आग्रह भी किया गया है, ताकि अफवाहों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page