बिलासपुररतनपुर

नवरात्रि व गर्मी को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग सख्त वाटर प्लांट पर कार्रवाई—हजारों बोतल-पाउच जब्त .

बिलासपुर / नवरात्रि पर्व और बढ़ती गर्मी के मद्देनज़र जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग ने सख्ती बढ़ा दी है। कलेक्टर संजय अग्रवाल एवं नियंत्रक खाद्य सुरक्षा के निर्देश पर जिलेभर में सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। आर.आर. देवांगन (अभिहित अधिकारी) के मार्गदर्शन में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी खीर सागर पटेल, खाद्य सुरक्षा अधिकारी अविषा मरावी एवं प्रतीक तिवारी की टीम ने विभिन्न स्थानों पर निरीक्षण कर कार्रवाई की।

जांच के दौरान सीपत स्थित गंगोत्री मिनरल एंड वाटर प्लांट से पानी की बोतलों के विधिक नमूने लिए गए। निरीक्षण में मिथ्याछाप (भ्रामक लेबलिंग) पाए जाने पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 1 लीटर की 210 पेटी (प्रत्येक में 12 बोतल), 250 एमएल की 3030 पानी की बोतलें तथा 29,100 पानी पाउच को जब्त कर सीज किया गया। इसके अलावा दो अन्य फर्मों को खामियां सुधारने के लिए नोटिस जारी किया गया। टीम ने सेवई, साबूदाना, अरहर दाल और चना दाल के नमूने भी जांच हेतु एकत्र किए।

इसी क्रम में रतनपुर स्थित मां महामाया मंदिर में प्रसाद कक्ष का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने परीक्षण के लिए भेजे गए। मंदिर परिसर के बाहर लगे ठेले-गुमटियों की जांच के दौरान अखाद्य रंग से बनी चाट को नष्ट कराया गया और संचालकों को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए। विभाग ने स्पष्ट किया है कि आमजन को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page