
बिलासपुर / सकरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जाकड़ (जाकि) से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। चिल्हाटी निवासी ‘तन्नू’ नामक किन्नर की गला दबाकर और चेहरे पर हमला कर बेरहमी से हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप ‘रिया’ नाम के एक शख्स पर लगा है, जो मूल रूप से समलैंगिक (गे) है और किन्नर का रूप धारण कर तन्नू के करीब आया था।

जानकारी के मुताबिक, दोनों के बीच गहरी दोस्ती थी और रिया का तन्नू के घर आना-जाना था। बीती रात एक पार्टी के दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि रिया ने आपा खो दिया और तन्नू के चेहरे पर जानलेवा वार करने के बाद गला घोंटकर उसे मौत के घाट उतार दिया।
वारदात के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सिम्स अस्पताल भेजा गया, जहां से प्रक्रिया पूरी कर परिजनों को सौंप दिया गया है। बिलासपुर में किन्नर समाज से जुड़ी यह पहली हत्या मानी जा रही है, जिससे स्थानीय किन्नर समुदाय में भारी आक्रोश और इलाके में दहशत का माहौल है।
किन्नर समाज का आरोप है कि इस जघन्य हत्याकांड में रिया के साथ उसके अन्य साथी भी शामिल हैं। उन्होंने सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एएसपी ने बताया कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और हर एंगल से जांच जारी है। दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




