बिलासपुर

हनुमान जयंती पर बिलासपुर में शोभायात्रा हेतु कड़ी सुरक्षा और ट्रैफिक डायवर्सन व्यवस्था लागू ..

BILASPUR / हनुमान जयंती के अवसर पर बिलासपुर शहर में निकलने वाली भव्य शोभायात्राओं को देखते हुए यातायात पुलिस ने व्यापक और चाक-चौबंद व्यवस्था की है। पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह के निर्देश पर शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, कनेक्टिंग मार्गों और ट्रैफिक प्वाइंट्स पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए ड्रोन कैमरा, सीसीटीवी कैमरा और सादे वर्दी में पुलिसकर्मी लगातार निगरानी करेंगे।

यातायात दबाव को नियंत्रित करने और आवागमन को सुचारू बनाए रखने के लिए शोभायात्रा मार्गों पर डायवर्सन प्लान लागू किया गया है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे शोभायात्रा के दौरान निर्धारित मार्गों पर वाहन लेकर न जाएं और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें, ताकि श्रद्धालुओं और आम लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

2 अप्रैल 2026 को शहर के विभिन्न क्षेत्रों से शोभायात्राएं निकाली जाएंगी। बोल बम सेवा समिति की यात्रा देवरी खुर्द से शुरू होकर तोरवा, जगमल चौक, गांधी चौक होते हुए देवकीनंदन चौक पहुंचेगी। धर्म जागृति मंच की यात्रा बुधवारी बाजार से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए तारबहार क्षेत्र में समाप्त होगी। इसके अलावा कालीबाड़ी सरकंडा और लिंगियाडीह क्षेत्र से भी शोभायात्राएं निकाली जाएंगी, जो विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए देवकीनंदन चौक पर समाप्त होंगी।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने, शराब पीकर वाहन चलाने या असामाजिक गतिविधियों में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। ब्रीथ एनालाइजर के साथ जवान तैनात रहेंगे। यातायात पुलिस ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए शांतिपूर्ण और व्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित करने की बात कही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page