छत्तीसगढ़बिलासपुर

अवैध रूप से भंडारित 75 बोरी धान जब्त, प्रशासन की सख्त कार्रवाई .

बिलासपुर । जिले में धान खरीदी व्यवस्था अब पूरी तरह पटरी पर आ चुकी है। अधिकांश उपार्जन केन्द्रों के खुलने के बाद किसान अपनी उपज को समर्थन मूल्य पर बेचने पहुंच रहे हैं। इसी बीच कोचिया व दलालनुमा व्यापारी अवैध रूप से धान संग्रहित कर अनियमित रूप से खपाने की कोशिशों में सक्रिय हो गए हैं। ऐसे तत्वों को रोकने कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कड़े निर्देश जारी किए हैं, जिसके तहत प्रशासनिक टीम लगातार सतर्कता बरत रही है।

इसी क्रम में शुक्रवार को चकरभाठा क्षेत्र में इस सीजन की पहली बड़ी कार्रवाई की गई। एसडीएम बिल्हा के मार्गदर्शन में गठित टीम ने स्थानीय व्यापारी सुरेश पंजवानी धान वाला के गोदाम में दबिश दी, जहां से 75 कट्टी (लगभग 30 क्विंटल) अवैध धान बरामद किया गया। धान का बाजार मूल्य सरकारी दरों के अनुसार 1 लाख रुपये से अधिक बताया जा रहा है। पूछताछ के दौरान व्यापारी कोई भी वैध दस्तावेज, खरीद रसीद या स्टॉक संबंधी ब्यौरा प्रस्तुत नहीं कर सका।

जांच टीम को आशंका थी कि यह अवैध धान किसी सोसाइटी में सांठगांठ कर खपाया जा सकता था, लेकिन प्रशासन ने समय रहते कार्रवाई कर पूरा स्टॉक जब्त कर लिया। पूरे प्रकरण में मंडी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

कार्रवाई में तहसीलदार बोदरी, खाद्य निरीक्षक तथा मंडी बोर्ड के कर्मचारी शामिल रहे। प्रशासन ने साफ किया है कि धान खरीदी प्रणाली में गड़बड़ी करने वालों पर इसी तरह कठोर कदम जारी रहेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page