
बिलासपुर | अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए थाना कोनी पुलिस द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में कोनी पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 55 लीटर कच्ची महुआ शराब के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जप्त की गई शराब की अनुमानित कीमत लगभग 11 हजार रुपये बताई गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री गगन कुमार के मार्गदर्शन में की गई। दिनांक 09 जनवरी 2026 को थाना कोनी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम अमतरा निवासी मनीष मरकाम अमतरा नहर के पास भारी मात्रा में हाथ भट्टी से निर्मित कच्ची महुआ शराब रखकर उसकी बिक्री कर रहा है।

सूचना की तस्दीक के बाद कोनी पुलिस ने गवाहों के साथ बताए गए स्थान पर घेराबंदी कर दबिश दी। मौके से आरोपी मनीष मरकाम पिता रमेश मरकाम, उम्र 26 वर्ष, निवासी ग्राम अमतरा को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 26-26 लीटर क्षमता वाले दो प्लास्टिक डिब्बों में 50 लीटर तथा एक पीले रंग के जरीकेन में 5 लीटर, कुल 55 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई। आरोपी शराब रखने एवं बेचने के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 09/2026, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष रिमांड पर पेश किया जाएगा।
कोनी पुलिस की जनअपील
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अवैध शराब, जुआ, सट्टा अथवा अन्य आपराधिक गतिविधियों की सूचना तुरंत स्थानीय थाना या डायल 112 पर दें, ताकि समाज को नशे और अपराध से मुक्त किया जा सके।




