बिलासपुर

बिलासपुर के तिफरा में अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई का भारी विरोध, काम फिलहाल स्थगित..

बिलासपुर। शहर के तिफरा क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण और नाले के निर्माण को लेकर नगर निगम द्वारा प्रस्तावित अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई का स्थानीय व्यापारियों ने जमकर विरोध किया। निगम की टीम और पुलिस बल के पहुंचने से पहले ही बड़ी संख्या में व्यापारी सड़कों पर उतर आए और जमकर हंगामा किया। विरोध को देखते हुए प्रशासन ने फिलहाल कार्रवाई को रोक दिया है।
व्यापारियों का मुख्य आरोप है कि नगर निगम बिना किसी उचित पूर्व नोटिस के कार्रवाई करने पहुंचा था। साथ ही नियमों की अनदेखी करते हुए पक्षपातपूर्ण कार्रवाई की जा रही है—कुछ दुकानों की अधिक जमीन तोड़ी जा रही है, जबकि कुछ को कम प्रभावित किया जा रहा है। व्यापारियों की मांग है कि यदि कार्रवाई करनी ही है, तो बिना किसी भेदभाव के सभी के साथ समान रूप से नियमों का पालन किया जाए।
मामले में जोन कमिश्नर ने स्पष्ट किया कि तिफरा मार्ग पर लगातार बढ़ते ट्रैफिक दबाव और जलभराव की समस्या को देखते हुए सड़क चौड़ीकरण और नाले का निर्माण बेहद जरूरी है। उन्होंने बताया कि सरकारी और निजी भूमि की विधिवत नाप-जोख के बाद ही पूरी कार्रवाई नियमानुसार की जाएगी। फिलहाल व्यापारियों के विरोध को देखते हुए कार्रवाई स्थगित कर दी गई है और आगे की प्रक्रिया व्यापारियों से बातचीत के बाद शुरू होगी।
दूसरी ओर, व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी आपत्तियों और मांगों का समाधान किए बिना जबरन तोड़फोड़ की गई, तो वे उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page