
बिलासपुर | दिनदहाड़े कट्टा अड़ाकर लूट के प्रयास के मामले में बिलासपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अंतर्राज्यीय गिरोह के एक कुख्यात आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस ने इस सनसनीखेज वारदात का खुलासा किया है। पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के कुशल मार्गदर्शन में एसीसीयू, साइबर सेल एवं थाना सरकंडा की संयुक्त टीम ने यह प्रभावी कार्यवाही की।
घटना 19 दिसंबर 2025 की है, जब जबड़ापारा निवासी लखन उर्फ निटी देवांगन सुबह करीब 7:15 बजे स्कूटी से दुकान जा रहे थे। आनंद डेयरी के पास मोटरसाइकिल सवार तीन अज्ञात आरोपियों ने उन्हें रोककर कट्टा दिखाते हुए सोने की चेन लूटने का प्रयास किया। विरोध और शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गए। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना सरकंडा में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने करीब 300 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की लोकेशन अनुपपुर रेलवे स्टेशन पर मिली, जहां से दिल्ली निवासी गगनदीप बंसल (42 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि वह पूर्व में तिहाड़ जेल में हत्या के मामले में सजा काट चुका है और अपने साथियों विजय लांबा, आमीर एवं शकील के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया।
आरोपी के कब्जे से तखतपुर व अंबिकापुर से चोरी की गई दो मोटरसाइकिलें—होंडा साइन एवं टीवीएस स्पोर्ट्स—बरामद की गई हैं। अन्य आरोपी फिलहाल फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। इस संपूर्ण कार्रवाई में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहनीय भूमिका रही।




