
बिलासपुर / मस्तूरी थाना अंतर्गत चौकी मल्हार क्षेत्र से अवैध धर्मांतरण का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए धर्मांतरण कराने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देश पर की गई, जिनके द्वारा जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार हो रही धर्मांतरण की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने के आदेश दिए गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चौकी मल्हार क्षेत्र के डबहापारा बस्ती में रहने वाला आरोपी रामकुमार केवट पिता समलिया केवट, उम्र 41 वर्ष, निवासी डबहापारा मल्हार, लोगों को भोजन एवं बीमारी ठीक होने का प्रलोभन देकर प्रार्थना सभा आयोजित कर रहा था। आरोप है कि इन प्रार्थना सभाओं के माध्यम से वह ग्रामीणों को धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित कर रहा था।

दिनांक 11 जनवरी 2026 को करीब दोपहर 12 बजे ग्रामीणों को इसकी जानकारी हुई, जिसके बाद प्रार्थी पुणेन्द्र शर्मा द्वारा चौकी मल्हार में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 299 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार किया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूर्ण करते हुए उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। पुलिस का कहना है कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार के अवैध धर्मांतरण को रोकने के लिए आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी इस तरह की गतिविधियां नजर आएं तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।




