बिलासपुर पुलिस की बड़ी पहल: शिकायत निवारण शिविर में एक ही दिन में 41 मामलों का हुआ निपटारा ..

बिलासपुर : आम जनता को त्वरित और सुलभ न्याय दिलाने के उद्देश्य से बिलासपुर पुलिस द्वारा आज, 10 जुलाई 2026 को बिलासगुडी चेतना भवन में एक वृहद ‘शिकायत निवारण शिविर’ का आयोजन किया गया। पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) श्री रजनेश सिंह (भापुसे) के नेतृत्व में आयोजित इस विशेष शिविर में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी और थाना प्रभारी मौजूद रहे।

शिविर में पुलिस की संवेदनशीलता और मुस्तैदी का बड़ा उदाहरण देखने को मिला, जहाँ कुल प्राप्त 43 शिकायतों में से 41 मामलों का मौके पर ही त्वरित निराकरण कर दिया गया। शिविर में सबसे अधिक 8 शिकायतें महिला थाने से और 7 शिकायतें कोतवाली थाने से प्राप्त हुईं। इसके अलावा सिरगिट्टी से 4, कोनी, रतनपुर व तोरवा से 3-3, तथा सिविल लाइन, सरकंडा, तखतपुर, चकरभाठा, सीपत और मस्तूरी से 2-2 शिकायतें दर्ज की गईं।

ये शिकायतें मुख्य रूप से जमीन विवाद, पारिवारिक कलह, साइबर फ्रॉड, लेन-देन की धोखाधड़ी और महिला संबंधी अपराधों से जुड़ी थीं। SSP श्री रजनेश सिंह ने स्वयं प्रत्येक फरियादी से आमने-सामने बैठकर उनकी समस्याओं को सुना। मामलों की गंभीरता को देखते हुए 08 प्रकरणों में मौके पर ही तत्काल FIR दर्ज करने के आदेश संबंधित थाना प्रभारियों को दिए गए।
“जनता की सेवा ही हमारा पहला धर्म है।”
– श्री रजनेश सिंह, SSP (बिलासपुर)
SSP महोदय ने बताया कि इस जिला स्तरीय शिविर का मुख्य उद्देश्य जनता को थानों के चक्कर काटने से बचाना और उनकी समस्याओं का मौके पर समाधान करना है। उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में भी ऐसे शिविरों का आयोजन जारी रहेगा। पुलिस की इस त्वरित और मानवीय कार्यप्रणाली की उपस्थित फरियादियों ने जमकर सराहना की।




