पति पर अश्लील फोटो वीडियो वायरल करने का आरोप, आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज .

बिलासपुर। जिले के सिपत थाना क्षेत्र में एक महिला की अश्लील फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आईटी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, दर्राभाठा भाटापारा निवासी संगीता साह की शादी वर्ष 2025 में रायपुर निवासी नरोत्तम गिधोरिया के साथ सामाजिक रीति-रिवाज से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। विवाद बढ़ने पर जनवरी 2026 से महिला अपने मायके सिपत में रह रही थी।
पीड़िता ने आरोप लगाया है कि उसके पति ने उसकी निजी और अश्लील फोटो व वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल कर दिए। इस घटना से आहत महिला ने सिपत थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही साइबर सेल की मदद से वायरल सामग्री के स्रोत और प्रसार की भी जांच की जा रही है।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से उपयोग करें और किसी की निजी फोटो या वीडियो को बिना अनुमति साझा न करें, क्योंकि यह कानूनन दंडनीय अपराध है।



