तहसील कार्यालय में वकील को जान से मारने की धमकी, बिलासपुर में कानून व्यवस्था पर सवाल .

बिलासपुर में कानून व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। तहसील कार्यालय में दिनदहाड़े एक अधिवक्ता को जान से मारने की धमकी दिए जाने का मामला सामने आया है, जिसने पूरे अधिवक्ता समुदाय में आक्रोश पैदा कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, जिला अधिवक्ता संघ के सदस्य गजेंद्र सिंह अपने नियमित कार्य के सिलसिले में तहसील कार्यालय पहुंचे थे। इसी दौरान संत शर्मा नामक व्यक्ति ने उन्हें रोकते हुए अभद्र व्यवहार किया और खुलेआम जान से मारने की धमकी दे डाली। इतना ही नहीं, आरोपी ने खुद को प्रभावशाली बताते हुए उनके पूरे परिवार को खत्म करने तक की बात कह दी, जिससे अधिवक्ता और उनके परिजन दहशत में हैं।
बताया जा रहा है कि यह विवाद शासकीय जमीन से जुड़े एक गंभीर मामले से जुड़ा है। 20 अप्रैल 2026 को आयुक्त कार्यालय में एक शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसमें फर्जी दस्तावेजों के जरिए सरकारी जमीन को निजी बताकर बेचने का आरोप लगाया गया था। इस मामले के मीडिया में आने के बाद आरोपी बौखला गया और अधिवक्ता को निशाना बनाया।
घटना के बाद जिला अधिवक्ता संघ ने एकजुट होकर पुलिस अधीक्षक से शिकायत की है और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ-साथ सुरक्षा की मांग की है।
अब सवाल यह है कि खुलेआम धमकियों के इस मामले में प्रशासन कितनी तेजी और गंभीरता से कदम उठाता है, क्योंकि यह सिर्फ एक अधिवक्ता नहीं, बल्कि कानून व्यवस्था की साख से जुड़ा मामला बन चुका है।



