
बिलासपुर । भारतीय थल सेना में अग्निवीर भर्ती के तहत जिले के युवाओं के लिए एक सुनहरा अवसर सामने आया है। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थियों से 10 अप्रैल 2026 तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। कलेक्टर ने युवाओं से इस अवसर का अधिकतम लाभ उठाने और बड़ी संख्या में आवेदन करने की अपील की है।
इस भर्ती प्रक्रिया के तहत पुरुष अभ्यर्थी जनरल ड्यूटी, तकनीकी, लिपिक, स्टोरकीपर तथा ट्रेडमैन पदों के लिए आवेदन कर सकते हैं। वहीं महिला अभ्यर्थियों के लिए सेना पुलिस सहित नर्सिंग असिस्टेंट, नर्सिंग असिस्टेंट वेट और सिपाही फार्मा के पद निर्धारित किए गए हैं। अभ्यर्थियों की आयु सीमा 17.5 वर्ष से 22 वर्ष के बीच तय की गई है।
आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन रखी गई है और इसके लिए अभ्यर्थियों को भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट www.joinindianarmy.nic.in पर जाकर आवेदन करना होगा। आवेदन शुल्क 250 रुपये निर्धारित किया गया है, जिसे ऑनलाइन माध्यम से जमा किया जा सकता है।
भर्ती प्रक्रिया के तहत ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (CEE) 1 जून से 10 जून 2026 के बीच आयोजित होने की संभावना है। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे समय रहते आवेदन कर सभी आवश्यक दस्तावेज तैयार रखें।
अधिक जानकारी के लिए सेना भर्ती कार्यालय नवा रायपुर के टेलीफोन नंबर 0771-2965212, 2965214 या जिला रोजगार कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है। प्रशासन ने युवाओं से इस अवसर का लाभ लेकर देश सेवा में योगदान देने का आह्वान किया है।




