बिलासपुर

एलपीजी कालाबाजारी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, सैकड़ों सिलेंडर व उपकरण जप्त .

बिलासपुर / जिले में एलपीजी सिलेंडरों की कालाबाजारी और अवैध भंडारण के खिलाफ खाद्य विभाग द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आज बड़ी कार्रवाई की गई। शहर के मधुबन और दयालबंद क्षेत्र में मुक्तिधाम के पास छापामार कार्रवाई करते हुए विभाग की टीम ने भारी मात्रा में घरेलू गैस सिलेंडर और संबंधित उपकरण जप्त किए।

जांच के दौरान मौके से 14.2 किलोग्राम के 100 घरेलू गैस सिलेंडर तथा 5 किलोग्राम के 263 सिलेंडर बरामद किए गए। इसके अलावा चूल्हा बर्नर, 8 बोरियों में रेगुलेटर, 6 कार्टून सहित 25 नग खुले रेगुलेटर और 25 प्रेशर वॉल (5-5 के बंडल में) जप्त किए गए। यह पूरी सामग्री अवैध रूप से भंडारित कर कालाबाजारी के उद्देश्य से रखी गई थी। विभाग ने मौके पर ही सभी वस्तुओं को जप्त कर वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।

खाद्य विभाग के अनुसार जिले में एलपीजी वितरण को पारदर्शी और सुचारु बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। इस अभियान के तहत अब तक 8 प्रकरणों में 310 से अधिक सिलेंडर जप्त किए जा चुके हैं, जिससे अवैध कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।

खाद्य नियंत्रक श्री अमृत कुजूर ने बताया कि जिले की सभी 35 गैस एजेंसियों में एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे घबराएं नहीं और केवल नियमानुसार बुकिंग कर निर्धारित दर पर ही गैस सिलेंडर लें। साथ ही, कालाबाजारी या अवैध भंडारण की जानकारी मिलने पर प्रशासन को तुरंत सूचित करने की अपील भी की गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page