कलेक्टर जनदर्शन में सुनी समस्याएं, अधिकारियों को त्वरित जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए .

बिलासपुर । जिला कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में कलेक्टर संजय अग्रवाल ने शहर व ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। सैकड़ों आवेदकों ने निजी एवं सामुदायिक शिकायतों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए, जिन पर कलेक्टर ने अधिकांश मामलों में तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को जांच कर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। इस दौरान नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे और जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल भी उपस्थित रहे।

जनदर्शन में ग्राम कछार के सुरेश कुमार बंजारे ने गली में अवैध दीवार निर्माण से आवागमन बाधित होने की शिकायत की, जिस पर कलेक्टर ने एसडीओ को जांच के निर्देश दिए। वहीं बिलासपुर की उत्तरा यादव ने विधवा पेंशन की मांग रखी, जिस पर समाज कल्याण विभाग को कार्रवाई हेतु निर्देशित किया गया। ग्राम जरोंधा के परमानंद कौशिक ने भूमि पर अवैध कब्जे और रास्ते में बाधा की शिकायत करते हुए प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की।
देवरीखुर्द के पुरुषोत्तम दास ने स्वामित्व योजना के तहत कार्ड जारी करने की मांग रखी, जबकि चिचिरदा के धनीराम कौशिक ने भूमि सीमांकन लंबित होने की समस्या बताई। नगपुरा की रूचि नेताम ने जाति प्रमाण पत्र नहीं बनने से पढ़ाई प्रभावित होने की बात कही। कलेक्टर ने सभी मामलों में संबंधित अधिकारियों को शीघ्र जांच कर निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।




