
बिलासपुर। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना रतनपुर पुलिस एवं एसीसीयू की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मादक पदार्थ गांजा परिवहन करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
पुलिस द्वारा आरोपियों के कब्जे से कुल 14.336 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 40 हजार रुपये, तथा परिवहन में प्रयुक्त 02 मोटरसाइकिल, जिनकी कुल कीमत लगभग 2 लाख 10 हजार रुपये है, जप्त की गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में
1. कुशल निर्मलकर पिता रमेश निर्मलकर, उम्र 23 वर्ष
2. जयकिशन उर्फ दीपक सारथी पिता राजकुमार, उम्र 22 वर्ष
दोनों निवासी ग्राम गिधौरी, थाना रतनपुर, जिला बिलासपुर (छ.ग.) शामिल हैं।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देश पर जिले में नशे के कारोबारियों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीमती मधुलिका सिंह एवं एसडीओपी कोटा श्रीमती नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रतनपुर निलेश पाण्डेय के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी।
दिनांक 18 जनवरी 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम गिधौरी की ओर से तीन व्यक्ति दो मोटरसाइकिल में अवैध रूप से गांजा लेकर नेवसा रोड होते हुए ग्राम जाली की ओर जा रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की। इस दौरान एक आरोपी आशीष कश्यप मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस टीम की इस कार्रवाई में थाना रतनपुर स्टाफ एवं एसीसीयू टीम का विशेष योगदान रहा।




