
बिलासपुर / तखतपुर पुलिस ने 25 टन चावल गबन कर बिहार फरार हुए ट्रक चालक को बिहार के वैशाली जिले से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया है। यह कार्रवाई थाना तखतपुर, जिला बिलासपुर (छत्तीसगढ़) में पंजीबद्ध अपराध धारा 316 (3) बीएनएस के तहत की गई।
मामले का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि सत्यम रोड लाइंस रायपुर ट्रांसपोर्ट के संचालक ब्रजेश कुमार सिंह ने दिनांक 08.11.2024 को थाना तखतपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार नवरंग राइस मिल तखतपुर से ट्रक क्रमांक बीआर 01 जीएम 7496 में 25 टन चावल लोड कर चालक अमरनाथ चौधरी को डिस्टिलरीज एंड बॉटलर्स प्रा. लि., यूनिट-3, डिस्टिलरी डिवीजन, ग्राम देवरी, गड़हनी, आरा (भोजपुर, बिहार) भेजा गया था। लेकिन आरोपी ने उक्त स्थान पर चावल न पहुंचाकर उसे गबन कर लिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। तखतपुर पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्य, सीडीआर एवं टावर लोकेशन के आधार पर जांच करते हुए घटना में प्रयुक्त ट्रक को पहले ही सुरत्जा पेट्रोल पंप, चकसिकंदर (बिहार) से जप्त कर लिया था, जबकि आरोपी फरार था।
लगातार प्रयास एवं मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम पुनः हाजीपुर (बिहार) पहुंची और आरोपी अमरनाथ चौधरी पिता स्व. जोगेन्द्र चौधरी, उम्र 50 वर्ष, निवासी ग्राम धंधुआ बिचलाटोला, चौकी बहसी, थाना जंदाहा, जिला वैशाली (बिहार) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने चावल को बिहार की एक दुकान में 6 लाख रुपये में बेचने तथा रकम का अधिकांश हिस्सा अपनी बेटी की शादी में खर्च करना स्वीकार किया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया है।




