छत्तीसगढ़बिलासपुर

समिति कर्मचारियों की हड़ताल के बीच प्रशासन की वैकल्पिक व्यवस्था, नए कर्मचारियों को मिला धान खरीदी प्रशिक्षण .

बिलासपुर । जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की तैयारी के बीच समिति कर्मचारियों की हड़ताल से उपजे हालात को देखते हुए जिला प्रशासन ने वैकल्पिक व्यवस्था लागू की है। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने राजस्व, कृषि, खाद्य और सहकारिता विभाग के कर्मचारियों को समिति प्रबंधक एवं धान खरीदी प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपकर खरीदी प्रक्रिया को सुचारू रखने के निर्देश दिए हैं।

आज जिले के 140 उपार्जन केंद्रों में नए कर्मचारियों को धान खरीदी की पूरी प्रक्रिया का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान कलेक्टर अग्रवाल ने कहा कि किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और खरीदी कार्य पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से किया जाए। उन्होंने सभी उपार्जन केंद्रों में समुचित व्यवस्था, बारदाना की उपलब्धता, टोकन वितरण और गुणवत्ता परीक्षण को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

प्रशिक्षण में उपार्जन केंद्र की तैयारी, धान का वजन, सफाई, किसानों को टोकन जारी करने, भुगतान प्रक्रिया और रिकॉर्ड संधारण जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर मार्गदर्शन दिया गया। एक से अधिक उपार्जन केंद्र वाले समितियों के वित्तीय आहरण-संवितरण का अधिकार समिति मुख्यालय में पदस्थ प्रभारी को सौंपा गया है।

इस अवसर पर खाद्य नियंत्रक अमृत कुजुर, डीएमओ, सहायक खाद्य अधिकारी, कृषि विस्तार अधिकारी, सहकारिता निरीक्षक एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। प्रशासन का कहना है कि यह व्यवस्था किसानों के हितों की सुरक्षा और खरीदी प्रक्रिया को निर्बाध बनाए रखने के उद्देश्य से की गई है।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page