
बिलासपुर । तहसील सकरी अंतर्गत ग्राम पंचायत कोडापुरी के आश्रित ग्राम बरदुलापारा के ग्रामीणों ने अपने ग्राम में शराब भट्ठी खोले जाने का विरोध किया है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन को सामूहिक आवेदन देकर शराब भट्ठी की स्थापना पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।
ग्रामीणों ने आवेदन में उल्लेख किया है कि बरदुलापारा की आबादी लगभग 600 है, जिसमें अधिकांश परिवार आदिवासी समुदाय के हैं। सभी लोग मेहनत-मजदूरी और खेती-किसानी से जीवनयापन करते हैं। गांव में प्राथमिक शाला भी संचालित है, जहां बच्चे शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। ऐसे में शराब भट्ठी खुलने से गांव में अशांति का माहौल बन सकता है और बच्चों के भविष्य पर बुरा प्रभाव पड़ने की पूरी आशंका है।
ग्रामीणों का कहना है कि वर्तमान में शराब भट्ठी के लिए भवन निर्माण कार्य जारी है, जिससे पूरे गांव में आक्रोश है। उन्होंने बताया कि गांव के सभी परिवार एकजुट होकर इसका विरोध कर रहे हैं और किसी भी स्थिति में भट्ठी नहीं खुलने देने का संकल्प लिया है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि आश्रित ग्राम बरदुलापारा में शराब भट्ठी खोलने की प्रक्रिया को तत्काल निरस्त किया जाए। साथ ही यह भी कहा कि यदि पंचायत कोडापुरी के किसी अन्य स्थान पर भट्ठी खोली जाती है, तो उन्हें कोई आपत्ति नहीं होगी।
आवेदन में सभी ग्रामीणों ने हस्ताक्षर कर जिला कलेक्टर, आबकारी विभाग और पंचायत प्रतिनिधियों से गांव के सामाजिक वातावरण को सुरक्षित रखने की अपील की है।




