छत्तीसगढ़जरा हटके

पिकनिक मनाने गए रेलवे अधिकारी और साला चूराघाट एनीकट में हुए लापता, तेज बहाव में बहने की आशंका .

बिलासपुरः छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है। बिल्हा थाना क्षेत्र के चूराघाट एनीकट में पिकनिक मनाने पहुंचे रेलवे अधिकारी और उनके साले के लापता होने की घटना से हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि बिल्हा रेलवे कॉलोनी निवासी संतोष राम, जो रेलवे विभाग में एसएससी पद पर पदस्थ हैं, अपने परिवार और साले अनुज कुमार के साथ रविवार को पिकनिक मनाने चूराघाट एनीकट गए थे।

जानकारी के मुताबिक, पिकनिक के दौरान संतोष राम और उनके साले अनुज कुमार नहाने के लिए एनीकट में उतर गए थे। उसी समय पानी का बहाव अचानक तेज हो गया। संतोष राम तेज बहाव में बहने लगे और उन्होंने मदद के लिए आवाज लगाई। उन्हें बचाने के लिए अनुज कुमार भी पानी में कूद गए, लेकिन दोनों ही तेज धारा में बह गए और लापता हो गए।

परिजनों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दोनों की तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। घटना की सूचना मिलते ही बिल्हा पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया।

फिलहाल दोनों की तलाश जारी है। अधिकारियों का कहना है कि पानी का बहाव काफी तेज होने के कारण खोज अभियान में कठिनाई हो रही है। परिवार के सदस्य घटना से सदमे में हैं और मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण व पुलिसकर्मी मौजूद हैं।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page