
बिलासपुर। रेंज सायबर थाना बिलासपुर ने ऑनलाइन फाइनेंशियल फ्रॉड के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए दो अंतर्राज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों ने पीएम समृद्धि योजना के नाम पर मेडिकल व्यवसायी को 50 लाख रुपए का कम ब्याज दर पर लोन दिलाने और 30 प्रतिशत छूट देने का झांसा देकर कुल 73 लाख 23 हजार रुपए की ठगी की थी। मामला थाना सकरी क्षेत्र से संबंधित है।
पुलिस महानिरीक्षक डॉ. संजीव शुक्ला व एसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर साइबर अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में साइबर थाना टीम ने तकनीकी विश्लेषण, बैंक खातों की जानकारी व साइबर क्राइम पोर्टल से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर आरोपियों का पता लगाया।
गिरफ्तार आरोपी
विकास कुमार उर्फ विक्रम सिंह
अमन कुमार सिंह उर्फ पियूष,
दोनों निवासी गढवाल कनौली, थाना महुआ, जिला वैशाली (बिहार) हैं।
टीम ने बिहार पहुंचकर स्थानीय पुलिस की मदद से दोनों को हिरासत में लिया। पूछताछ में उन्होंने स्वीकार किया कि वे दिल्ली में किराये के मकान में रहकर फर्जी सिम कार्ड व बैंक खातों के माध्यम से लोगों को लोन देने का झांसा देकर ठगी करते थे। ठगी की रकम अलग-अलग फर्जी खातों में जमा कराते थे, जिन्हें बाद में निकाल लेते थे।
रेंज साइबर थाना इनसे गिरोह के अन्य सदस्यों एवं ठगी की रकम के प्रवाह संबंधी जानकारी जुटा रहा है। प्रकरण में आरोपियों पर बीएनएस की धारा 318(4), 111(4) व आईटी एक्ट 66(डी) के तहत कार्रवाई की गई है।




