सरकंडा में एनडीपीएस झूठे केस का आरोप, बहन की रिहाई को भूख हड़ताल चेतावनी .

बिलासपुर के सरकंडा क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार महिला को झूठे केस में फंसाए जाने का आरोप लगाया गया है। पीड़ित शिवराज सिंह, निवासी शर्मा विहार बंधवापारा, अपनी बहन रानू सिंह को न्याय दिलाने के लिए पिछले दो महीनों से दर-दर भटक रहे हैं। उन्होंने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर भूख हड़ताल की अनुमति मांगी है।
शिवराज सिंह का आरोप है कि उनकी बहन को उनके पति द्वारा साजिश के तहत एनडीपीएस एक्ट में फंसाया गया है, जबकि दोनों के बीच पहले से ही वैवाहिक विवाद और तलाक का मामला चल रहा है। रानू सिंह की दो छोटी बेटियां हैं, जिनकी देखभाल और पढ़ाई पर इस घटना का गहरा असर पड़ा है।

पीड़ित ने बताया कि उन्होंने कई बार शासन-प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से गुहार लगाई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा है कि मामले में सीसीटीवी फुटेज और कॉल रिकॉर्डिंग की जांच कराई जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके।

शिवराज सिंह ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द ध्यान नहीं दिया गया तो वे भूख हड़ताल पर बैठने को मजबूर होंगे। उन्होंने यह भी कहा कि इस दौरान यदि किसी प्रकार की अनहोनी होती है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। अब देखना होगा कि प्रशासन इस संवेदनशील मामले में क्या कदम उठाता है।




