
बिलासपुर। थाना सरकंडा क्षेत्र में अशांति फैलाने वाले एक बदमाश के विरुद्ध सरकंडा पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। आरोपी शराब पीने के लिए पैसे मांग रहा था, मना करने पर उसने गाली-गलौच करते हुए नुकीली वस्तु से हमला कर दिया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थिया श्रीमती श्रद्धा वर्मा (22 वर्ष), निवासी जानू बाड़ा प्रभात चौक सरकंडा, ने थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई कि दिनांक 20 दिसंबर 2025 की रात्रि लगभग 11:30 बजे उनके पति राजा वर्मा काम से घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में दिनेश जायसवाल उर्फ छोटा नामक युवक ने शराब पीने के लिए पैसे की मांग की। पैसे देने से मना करने पर आरोपी ने मां-बहन की अश्लील गालियां देते हुए मारपीट शुरू कर दी और धारदार नुकीली वस्तु से गर्दन एवं कूल्हे के पास वार कर गंभीर चोट पहुंचाई।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह को अवगत कराया गया, जिनके निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री राजेन्द्र जायसवाल एवं सीएसपी सिविल लाईन/सरकंडा श्री निमितेश सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सरकंडा निरीक्षक प्रदीप आर्य के नेतृत्व में टीम गठित कर त्वरित कार्रवाई की गई।
पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी दिनेश जायसवाल उर्फ छोटा (24 वर्ष) निवासी जानू बाड़ा प्रभात चौक, सरकंडा को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया, जिसके कब्जे से धारदार चाकू बरामद कर विधिवत जप्त किया गया। आरोपी के विरुद्ध बीएनएस एवं आर्म्स एक्ट की धाराओं में अपराध पंजीबद्ध कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि थाना क्षेत्र में अशांति फैलाने वालों के विरुद्ध आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।




