
बिलासपुर / कोटा थाना अंतर्गत चौकी बेलगहना पुलिस और ए.सी.सी.यू. टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध युवक के कब्जे से 17 लाख 90 हजार रुपये नकद जब्त किए हैं। यह कार्रवाई 8 अप्रैल 2026 को ग्राम टेगनमाड़ा रेलवे स्टेशन के पास की गई।

पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति दो सूटकेस और एक पिट्ठू बैग के साथ संदिग्ध अवस्था में घूम रहा है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया और उनके निर्देशन में टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़कर पूछताछ की, जिसने अपना नाम पवन बजाज (35 वर्ष), निवासी कश्यप कॉलोनी, पुराना बस स्टैंड, थाना सिटी कोतवाली, बिलासपुर बताया।
तलाशी के दौरान उसके पास रखे दो सूटकेस और एक बैग से 10, 20 और 50 रुपये के नए नोटों के कुल 81 बंडल बरामद हुए, जिनकी कुल कीमत 17,90,000 रुपये आंकी गई। इतनी बड़ी रकम के संबंध में युवक संतोषजनक जानकारी नहीं दे सका, जिसके चलते पुलिस ने धारा 106 बीएनएसएस के तहत रकम को जब्त कर लिया।
फिलहाल पुलिस द्वारा जब्त राशि के स्रोत और उससे जुड़े संभावित अपराध की जांच की जा रही है। इस पूरी कार्रवाई में चौकी बेलगहना पुलिस और ए.सी.सी.यू. बिलासपुर टीम की सराहनीय भूमिका रही।




