बिल्हा की कीर्ति अग्रवाल और सुपुत्र दिव्य ने रचा इतिहास, गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज कराया नाम ..

बिलासपुर( बिल्हा ):बिल्हा क्षेत्र का नाम एक बार फिर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पटल पर स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज हो गया है। बिल्हा निवासी कीर्ति अग्रवाल और उनके सुपुत्र दिव्य अग्रवाल ने अपनी अद्भुत प्रतिभा, कठिन अनुशासन और धर्म-अध्यात्म के प्रति अटूट निष्ठा का परिचय देते हुए ‘गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स’ में अपना नाम दर्ज कराया है।
चिन्मय मिशन द्वारा आयोजित ऑनलाइन गीता पाठ में सर्वाधिक 8,277 साधकों द्वारा श्रीमद्भागवत गीता का निरंतर और सटीक पाठ किया गया। इस ऐतिहासिक आयोजन में कीर्ति अग्रवाल और उनके बेटे दिव्य की उत्कृष्ट सहभागिता के लिए गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की ओर से आधिकारिक प्रमाण पत्र प्रदान किया गया है। यह असाधारण उपलब्धि पूरे बिल्हा नगर और अग्रवाल समाज के लिए अत्यंत गौरव और प्रेरणा का विषय है।
कीर्ति अग्रवाल वर्तमान में ‘गीता परिवार’ बिलासपुर की सचिव के रूप में अपनी सेवाएं दे रही हैं। वे केवल पाठ ही नहीं करतीं, बल्कि गीता परिवार के ऑनलाइन व ऑफलाइन वर्ग में तकनीकी सहायक, ग्रुप समन्वयक, एडिटिंग, कॉलिंग, मॉनिटरिंग और ‘साधक मित्र’ जैसी बहुआयामी जिम्मेदारियां निभाती हैं। उनकी इस निष्काम सेवा और समर्पण के लिए उन्हें ‘स्टार गीता प्रचारक’ की उपाधि से भी नवाजा गया है।
मां के पदचिह्नों पर चलते हुए उनके पुत्र दिव्य अग्रवाल भी बाल-संत की भांति आध्यात्मिक पथ पर अग्रसर हैं। दिव्य ‘गीता परिवार’ से जुड़कर साधक और ‘बाल सखा’ के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। मां-बेटे की इस वैश्विक सफलता पर क्षेत्रवासियों ने उन्हें बधाई व शुभकामनाएं दी हैं।


