
बिल्हा / बिल्हा पुलिस ने हत्या के प्रयास के गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मात्र चंद घंटों में आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। मामला गुरुवार 20 नवंबर 2025 का है, जब आहत सूरज सिंह खुसरो को भवानी चौक दगौरी के आगे इण्डेन गैस एजेंसी के पास मुख्य सड़क के किनारे खेत में आरोपी मुकेश कुमार साहू द्वारा चाकू मारकर घायल करने की सूचना थाना बिल्हा को प्राप्त हुई। घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी द्वारा तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया और आवश्यक निर्देश प्राप्त कर पुलिस टीम को आरोपी की तलाश में भेजा गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी मुकेश कुमार साहू को हाल ही में कंपनी द्वारा नौकरी से निकाला गया था, जिससे वह गुस्से में था और इसी वजह से उसने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस टीम ने आसपास के क्षेत्रों में घेराबंदी कर सघन तलाश शुरू की। इस दौरान जानकारी मिली कि आरोपी दगौरी रेलवे स्टेशन के प्रतिक्षालय में छिपा हुआ है और वहां से भागने की फिराक में था। पुलिस को देखते ही आरोपी ने फरार होने की कोशिश की, लेकिन टीम की तत्परता से उसे मौके पर ही पकड़ लिया गया।
तलाशी लेने पर आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त एक बटनदार धारदार चाकू और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए। दोनों वस्तुओं को विधि अनुसार जप्त कर लिया गया। आरोपी को गिरफ्तार कर 21 नवंबर 2025 को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
प्रकरण की कार्रवाई में थाना प्रभारी बिल्हा निरीक्षक उमेश कुमार साहू, उप निरीक्षक जी.एल. चन्द्राकर, प्रधान आरक्षक 844 रूपेश तिग्गा तथा आरक्षक अर्जुन जांगड़े व संतोष मरकाम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की इस त्वरित कार्यवाही की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।




