बिलासपुर

बिलासपुर में ‘गैंग्स ऑफ चिंगराजपारा’: 25 बदमाशों ने सरेराह घेरा, बेसबॉल बैट और रॉड से फोड़े सिर …

बिलासपुर: न्यायधानी में खाकी का खौफ किस कदर हवा हो चुका है, इसकी बानगी सरकंडा के चिंगराजपारा में देखने को मिली। पुरानी रंजिश के नाम पर 20 से 25 मनचलों और बदमाशों की फौज ने दो युवकों को घेरकर ऐसा ‘तांडव’ रचाया कि पूरा इलाका थर्रा उठा। बेसबॉल बैट, लोहे की पाइप, चेन स्पॉकेट और धारदार हथियारों से लैस हमलावरों ने दोनों युवकों को सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर इस तरह पीटा, मानो कोई कानून-व्यवस्था बची ही न हो।

वारदात 27 अगस्त की शाम कुंदरूबाड़ी शिव मंदिर के पास की है। संजय राजपूत अपने साथी राजा ठाकुर और लिल्ले के साथ पहुंचा ही था कि आदि, किड्डू, कैलाश और उनके गिरोह ने उन्हें घेर लिया। गाली-गलौज के बाद सीधा जानलेवा हमला बोल दिया गया। लिल्ले तो खुशकिस्मती से जैसे-तैसे अपनी जान बचाकर भाग निकला, लेकिन संजय और राजा बदमाशों के हत्थे चढ़ गए।
नतीजा? संजय के हाथ-पैर टूट गए और सिर पर 25 टांके आए। वहीं राजा के सिर पर बदमाशों ने इतनी बेरहमी से वार किया कि डॉक्टर को 30 टांके लगाने पड़े। दोनों खून से लथपथ होकर वहीं ढह गए, जिन्हें डायल-112 की मदद से वेगस अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सोशल मीडिया पर हमले का वीडियो वायरल है और पीड़िता पक्ष सीधे पुलिस पर उंगली उठा रहा है। आरोप है कि विवाद पहले ही थाने की चौखट तक पहुंच चुका था, लेकिन खाकी की सुस्ती ने बदमाशों के हौसले बुलंद कर दिए। अब देखना यह है कि सरकंडा पुलिस इन ‘सड़क छाप गुंडों’ पर कब तक शिकंजा कसती है या मामला फिर फाइलों में दबकर रह जाएगा!

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page