वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सभी थाना प्रभारी संभालेंगे यातायात व्यवस्था, दैनिक भूमि न्यूज ने नागरिकों से की अपील …

बिलासपुर। रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए शहर में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस ने विशेष तैयारियां की हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों और ट्रैफिक पुलिस को अपने-अपने क्षेत्रों में व्यवस्था संभालने के निर्देश दिए हैं। पुलिस अधिकारी और जवान प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और संवेदनशील स्थानों पर तैनात रहेंगे।
पुलिस का फोकस असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के साथ महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर रहेगा। आम नागरिकों को भी हेलमेट पहनने, कार में सीट बेल्ट लगाने और यातायात नियमों का पालन करते हुए सावधानी से वाहन चलाने की अपील की गई है।
पुलिस के अनुसार रक्षाबंधन के अवसर पर आम लोगों के खिलाफ अनावश्यक चालानी कार्रवाई नहीं की जाएगी। हालांकि सड़क पर स्टंटबाजी या खतरनाक तरीके से वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्ती बरती जाएगी। स्टंट करते पकड़े जाने पर वाहन जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, त्योहार के दौरान बाजारों और प्रमुख मार्गों पर बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस सुगम यातायात बनाए रखने का प्रयास करेगी। हाल ही में तोरवा क्षेत्र में लगे जाम के बाद यातायात व्यवस्था को लेकर उठे सवालों के बीच आज पुलिस की जिम्मेदारी और भी महत्वपूर्ण हो गई है।
दैनिक भूमि न्यूज की टीम भी सभी नागरिकों से अपील करती है कि भीड़भाड़ वाले इलाकों में धैर्य रखें, यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित तरीके से रक्षाबंधन का पर्व मनाएं।




