बिलासपुर

व्यापार विहार FCI गोदाम में सड़ा सैकड़ों क्विंटल चावल, उठती असहनीय बदबू से व्यापारी बेहाल …

बिलासपुर: शहर के व्यापार विहार स्थित भारतीय खाद्य निगम (FCI) के गोदाम से उठ रही सड़ी बदबू ने पूरे इलाके में हाहाकार मचा दिया है। गोदाम के अंदर रखा टन-दर-टन चावल लगातार बारिश के कारण पानी में भीगकर सड़ चुका है। इससे उठ रही असहनीय दुर्गंध ने आसपास के व्यापारियों और राहगीरों का जीना मुहाल कर दिया है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी चैन की नींद सो रहे हैं।
व्यापार विहार शहर का प्रमुख व्यापारिक केंद्र है। यहां के व्यापारियों का कहना है कि सड़े चावल की बदबू इतनी तेज है कि दुकानों में बैठना और सांस लेना तक दूभर हो गया है। खरीदारी करने आ रहे ग्राहक मुंह पर कपड़ा बांधकर भागने को मजबूर हैं, जिससे व्यापार पूरी तरह ठप पड़ रहा है।
अधिकारियों से जब इस बारे में शिकायत की गई, तो हमेशा की तरह “जल्द समाधान” का रटा-रटाया आश्वासन थमा दिया गया। सवाल यह उठता है कि करोड़ों रुपये के बजट और हाई-टेक दावों के बावजूद बारिश में इतना अनाज सड़ कैसे गया? क्या गोदाम में सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं थे, या फिर यह सीधे तौर पर अधिकारियों की आपराधिक लापरवाही का नतीजा है?
अब तक यह भी साफ नहीं हो सका है कि जनता के टैक्स के पैसे से खरीदा गया कितना क्विंटल चावल गोदाम में सड़कर बर्बाद हुआ है। एक तरफ देश में गरीब दाने-दाने को मोहताज हैं, वहीं दूसरी तरफ एफसीआई की घोर लापरवाही के कारण अनाज की सड़ांध से शहर परेशान है। देखना यह होगा कि इस पूरे मामले पर गाज गिरती है या आश्वासन के पीछे लीपापोती का खेल जारी रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page