गतौरा शराब भट्ठी में लूट करने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार, कर्ज चुकाने के लिए बनाई थी योजना …

बिलासपुर। थाना मस्तूरी एवं एसीसीयू (ACCU) की संयुक्त पुलिस टीम ने गतौरा स्थित शासकीय कम्पोजिट मदिरा दुकान में हुई लूट की वारदात का पर्दाफाश करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
मामला 3 अगस्त 2026 की तड़के करीब 3:30 बजे का है। कर्ज में डूबे चार नकाबपोश आरोपियों ने दुकान के सुरक्षाकर्मियों को चाकू की नोक पर बंधक बनाया, मारपीट की और लॉकर तोड़ने का प्रयास किया। लॉकर न टूटने पर आरोपी दुकान से शराब की बोतलें, गार्ड्स के 2 मोबाइल फोन और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से सीसीटीवी कैमरे व डीवीआर लेकर फरार हो गए थे। डीवीआर को आरोपियों ने नदी में फेंक दिया था।
पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर, रजनेश सिंह के निर्देशों पर गठित संयुक्त टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों का बारीकी से विश्लेषण कर तीनों आरोपियों को धर दबोचा।

गिरफ्तार आरोपी:
* अनिल ध्रुव उर्फ अन्ना (24 वर्ष), तोरवा
* पिंटू निषाद (25 वर्ष), तोरवा
* सुशील निर्मलकर (24 वर्ष), तोरवा
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, स्कूटी, गैस कटर, ग्राइंडर कटर, छेनी, धारदार चाकू और लूटे गए 2 मोबाइल बरामद कर लिए हैं।
मामले का चौथा आरोपी फिलहाल फरार है, जो पूर्व में मदिरा दुकानों से कैश कलेक्शन का काम करता था। पुलिस उसकी सरगर्मी से तलाश कर रही है और मामले की विवेचना जारी है।




