अवैध खनिज उत्खनन पर बड़ी कार्रवाई, 2 पोकलेन, 1 जेसीबी सहित 20 वाहन जब्त .

बिलासपुर । जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश और उप संचालक खनिज के मार्गदर्शन में खनिज विभाग की टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाकर 2 पोकलेन मशीन, 1 जेसीबी मशीन और 20 वाहनों को जब्त किया है।
उप संचालक खनिज प्रशासन किशोर गोलघाटे ने बताया कि ग्राम महमंद (सीपत क्षेत्र) में जांच के दौरान बिना वैध अभिवहन पास के रेत परिवहन करते दो हाईवा वाहन पकड़े गए। एक वाहन को जांच चौकी लावर लाया गया, जबकि दूसरे का चालक वाहन को सड़क पर छोड़कर फरार हो गया। मामले में वाहन मालिक के खिलाफ थाना तोरवा में एफआईआर दर्ज कराई गई है और पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है।

खनिज विभाग ने 7 मई से 20 मई के बीच चकरभाठा, बोदरी, सकरी, बेलगहना, रतनखण्डी, करहीकछार, सलका, पोड़ी, महमंद, लालखदान, मंगला, मस्तूरी, चौरमट्टी और लखराम समेत कई इलाकों में अभियान चलाया। इस दौरान अवैध रेत परिवहन के 14, मुरूम के 1, चूनापत्थर के 2 और मिट्टी-ईंट के 3 प्रकरण दर्ज किए गए।
कार्रवाई के तहत 12 हाईवा, 7 ट्रैक्टर और 1 माजदा वाहन जब्त कर विभिन्न थानों में सुरक्षित रखा गया है। साथ ही सोढ़खुर्द और करहीकछार में अवैध उत्खनन करते 2 पोकलेन तथा चौरमट्टी में 1 जेसीबी मशीन जब्त की गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन पर लगातार निगरानी और कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।



