बिलासपुर सिम्स में भारी हंगामा: हिंदूवादी नेता और गार्ड के बीच मारपीट, वीडियो वायरल .

बिलासपुर। न्यायधानी के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल सिम्स (CIMS) से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ एनआईसीयू (NICU) के बाहर सुरक्षाकर्मी और एक हिंदूवादी नेता के बीच जमकर हाईवोल्टेज ड्रामा, गाली-गलौज और मारपीट हुई। इस पूरी घटना का सीसीटीवी (CCTV) फुटेज और वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने अस्पताल की सुरक्षा और व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
विवाद की वजह: NICU में एंट्री पर रोक
महिला नर्स एवं भीड़ में भी दे दिया गाली
मिली जानकारी के अनुसार, हिंदू संगठन से जुड़े नेता रामसिंह ठाकुर अपने कुछ साथियों के साथ अस्पताल में भर्ती किसी मरीज के परिजन से मिलने पहुंचे थे। प्रत्यक्षदर्शियों और गार्ड मनीष कश्यप के मुताबिक, घटना के वक्त एनआईसीयू के बाहर पोछा लगाया जा रहा था। जब गार्ड ने सुरक्षा और संक्रमण के लिहाज से नेताजी को कुछ देर रुकने के लिए कहा, तो वे आपा खो बैठे। मना करने से नाराज नेता और उनके साथियों ने गार्ड का कॉलर पकड़ लिया और उनके साथ झूमाझटकी शुरू कर दी।
नेताओं की धौंस और पुराना आपराधिक रिकॉर्ड
वायरल वीडियो में हिंदूवादी नेता नर्सिंग स्टाफ के सामने ही गार्ड को भद्दी-भद्दी गालियां देते और रौब झाड़ते नजर आ रहे हैं। उन्होंने मौके पर ही डीन और स्वास्थ्य मंत्री को बुलाने की धमकी तक दे डाली। पुलिस सूत्रों के अनुसार, विवादों में रहे आरोपी रामसिंह ठाकुर के खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। दूसरी ओर, रामसिंह ठाकुर का आरोप है कि अस्पताल के गार्ड मरीजों और उनके परिजनों से लगातार अभद्र व्यवहार करते हैं, जिसका उन्होंने विरोध किया था। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के इस मामले में हंगामे के बाद स्टाफ ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।
सिम्स प्रबंधन सख्त: जांच के आदेश
इस पूरे बवाल पर सिम्स प्रबंधन ने कड़ा रुख अपनाया है। सिम्स के एमएस डॉ. लखन सिंह ने साफ कर दिया है कि अस्पताल परिसर के भीतर किसी भी तरह की गुंडागर्दी, हंगामा या मारपीट बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के निर्देश दे दिए गए हैं, और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।




