सिविल लाइन पुलिस ने हथियार लहराकर दहशत फैलाने वाले चार आरोपियों को किया गिरफ्तार .

बिलासपुर। थाना सिविल लाइन क्षेत्र में पुलिस ने असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए चार युवकों को आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार 31 मार्च 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि मिनीबस्ती जरहाभाठा क्षेत्र में कुछ युवक धारदार हथियार लहराकर आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ा।

गिरफ्तार आरोपियों में अभय कोसले (20 वर्ष), रामा कुर्रे (19 वर्ष), देव सिदार (20 वर्ष) और समीर भास्कर (20 वर्ष) शामिल हैं, जो सभी मिनीबस्ती जरहाभाठा के निवासी हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से 3 नग धारदार लोहे के चाकू और 1 नग फरसा नुमा हथियार जब्त किया है। आरोपियों के खिलाफ धारा 25 और 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी क्षेत्र में दहशत फैलाने की नीयत से हथियारों का प्रदर्शन कर रहे थे, जिससे आम लोगों में भय का माहौल बन गया था। समय रहते कार्रवाई कर पुलिस ने संभावित गंभीर घटना को टाल दिया।
इसके अलावा क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए एक अन्य व्यक्ति राकेश ओगले (29 वर्ष), निवासी मगरपारा मरार गली के खिलाफ भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




