बिलासपुर में सट्टा-जुआ के खिलाफ सिविल लाइन पुलिस की बड़ी कार्रवाई .

बिलासपुर। जिले में अवैध सट्टा-जुआ गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए सिविल लाइन पुलिस द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में थाना सिविल लाइन पुलिस ने सट्टा जुआ खेलने वाले एक आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार कर उसके पास से नगद राशि एवं सट्टा पट्टी जप्त की है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार अपराध क्रमांक 37/2025 के तहत धारा 6/क जुआ अधिनियम में यह कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार आरोपी का नाम रवि कुमार रमानी पिता स्वर्गीय मोहन लाल रमानी, उम्र 37 वर्ष, निवासी सिंधी मोहल्ला गोडपारा, थाना सिटी कोतवाली, जिला बिलासपुर बताया गया है। आरोपी के कब्जे से ₹3000 नगद राशि एवं सट्टा पट्टी बरामद की गई है।
दिनांक 07 जनवरी 2026 को थाना सिविल लाइन पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि जिले में एक व्यक्ति सट्टा जुआ खेलने में संलिप्त है। सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर दबिश दी और आरोपी को सट्टा सामग्री व नगदी के साथ पकड़ लिया। मौके पर ही आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर आरोपी के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के चल-अचल संपत्ति, बैंक खातों एवं वित्तीय लेन-देन की भी गहन जांच की जा रही है। पूछताछ के दौरान सामने आने वाली जानकारियों के आधार पर उसके सहयोगियों और अन्य सट्टा गतिविधियों में लिप्त व्यक्तियों की पहचान कर उनके विरुद्ध भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
सिविल लाइन पुलिस ने स्पष्ट किया है कि बिलासपुर जिले में सट्टेबाजों और जुआ संचालकों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और अवैध गतिविधियों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।




