एसी कापर वायर चोरी मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार, 48,500 रुपये का माल बरामद .

बिलासपुर / सिविल लाइन थाना क्षेत्र में लगातार हो रही एसी कापर वायर चोरी की घटनाओं पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में दो शातिर चोरों के साथ चोरी का माल खरीदने वाले कबाड़ी को भी पकड़ा गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 48,500 रुपये कीमत का मशरूका बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं को देखते हुए सिविल लाइन थाना टीम द्वारा लगातार पतासाजी की जा रही थी। जांच के दौरान सूचना मिली कि दो संदिग्ध व्यक्ति चोरी किए गए एसी कापर वायर को खपरगंज स्थित कबाड़ी एहसान अली की दुकान में बेच रहे हैं। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस ने घेराबंदी कर दबिश दी और मौके से सूरज वस्त्रकार उर्फ सूरज महरा (23 वर्ष), धीरेन्द्र झारिया (30 वर्ष) और कबाड़ी एहसान अली (44 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने जिला अभियोजन कार्यालय और रजिस्ट्री ऑफिस परिसर के पास लगे एसी से कापर वायर, पार्ट्स और नगदी चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से 80 फीट कापर वायर, एसी के पार्ट्स और 8,500 रुपये नगद जब्त किए।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश कर दिया है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है।




