रात में सरिया चोरी करने वाला आरोपी चंद घंटों में गिरफ्तार, 70 किलो माल बरामद .

बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन मकान से सरिया चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने घटना के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 70 किलो कटिंग सरिया बरामद कर जप्त किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना सरकंडा में अप.क्र. 409/2026 धारा 331(2) एवं 305-A बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। घटना में अज्ञात आरोपी द्वारा रात के समय निर्माणाधीन मकान से सरिया चोरी कर लिया गया था। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह के निर्देश पर सरकंडा पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने त्वरित प्रयास करते हुए संदेही की पहचान कर उसे पकड़ने में सफलता हासिल की। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की घटना को स्वीकार किया। आरोपी की निशानदेही पर उसके कब्जे से लगभग 70 किलोग्राम कटिंग सरिया बरामद किया गया, जिसे विधिवत जप्त किया गया।
गिरफ्तार आरोपी का नाम सनत लोधी (55 वर्ष), पिता डेरहा लोधी, निवासी बगदाई मंदिर के पास अटल आवास, अशोक नगर, सरकंडा बताया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
सरकंडा पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों में भरोसा बढ़ा है। पुलिस ने चोरी के मामलों में सख्ती बरतने और आरोपियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई करने की बात कही है।




