स्वामी विवेकानंद जयंती पर चेतना अभियान, युवाओं को लक्ष्य, साहस और नशामुक्ति का संदेश .

बिलासपुर। स्वामी विवेकानंद जी के जन्मदिवस के अवसर पर बिलासपुर पुलिस द्वारा संचालित बहुउद्देशीय अभियान “चेतना” के अंतर्गत पुलिस लाइन स्थित चेतना हॉल में एक प्रेरक गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को स्वामी विवेकानंद जी के आदर्शों से प्रेरित कर सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने का संदेश देना रहा।

कार्यक्रम में स्वामी विवेकानंद के प्रसिद्ध वाक्य “उठो, जागो और तब तक नहीं रुको जब तक लक्ष्य प्राप्त न हो जाए” को केंद्र में रखते हुए युवाओं से अपने लक्ष्य को स्पष्ट रूप से निर्धारित करने और उसे पाने के लिए पूरी निष्ठा, मेहनत व समर्पण के साथ प्रयास करने का आह्वान किया गया। वक्ताओं ने युवाओं को नशा, विशेषकर ड्रग्स जैसी बुराइयों से दूर रहने की सलाह देते हुए कहा कि ये विकर्षण व्यक्ति को कमजोर बनाते हैं और लक्ष्य से भटका देते हैं।

मुख्य अतिथि अटल बिहारी वाजपेई विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. ए.डी.एन. वाजपेई ने कहा कि स्वामी विवेकानंद द्वारा बताए गए सिद्धांत सदैव प्रासंगिक रहेंगे और युवाओं को जीवन में मार्गदर्शन देते रहेंगे। पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज डॉ. संजीव शुक्ला ने युवाओं से साहस और दृढ़ संकल्प के साथ अपने लक्ष्य की ओर निरंतर आगे बढ़ने का संदेश दिया। प्रशिक्षु आईपीएस श्रीमती अंशिका जैन ने कहा कि सफलता निरंतर प्रयास से मिलती है और नशामुक्त जीवन ही सशक्त व्यक्तित्व का निर्माण करता है।

कार्यक्रम के आयोजक वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह आईपीएस ने गीता के सिद्धांतों का उल्लेख करते हुए युवाओं को कर्मयोग और निष्ठा के साथ परिश्रम करने पर बल दिया। गोष्ठी में वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, चेतना अभियान के सदस्य तथा बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन यातायात मास्टर ट्रेनर उमाशंकर पांडे ने किया।




