बिलासपुर

मोडिफाइड साइलेंसर पर यातायात पुलिस की सख्त कार्रवाई, सैकड़ों साइलेंसर बुलडोजर से नष्ट .

बिलासपुर | यातायात पुलिस बिलासपुर ने शहर में बढ़ते ध्वनि प्रदूषण और यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्त रुख अपनाते हुए मोडिफाइड साइलेंसर के खिलाफ बड़ी एवं उल्लेखनीय कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह के दिशा-निर्देश पर जिलेभर में अभियान चलाकर सैकड़ों की संख्या में अवैध मोडिफाइड साइलेंसर जप्त किए गए, जिन्हें बुलडोजर चलाकर नष्ट किया गया।

यातायात पुलिस के अनुसार, बुलेट, स्पोर्ट्स बाइक एवं अन्य वाहनों में लगाए जा रहे तेज आवाज वाले मोडिफाइड साइलेंसर से आम नागरिकों, विशेषकर बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं एवं मरीजों को गंभीर शारीरिक व मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसी को ध्यान में रखते हुए माननीय न्यायालय एवं वरिष्ठ कार्यालय से प्राप्त निर्देशों के तहत यह कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान यातायात पुलिस एवं संबंधित थानों की टीम ने जिले के विभिन्न ऑटोमोबाइल दुकानों और गैरेजों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अवैध मोडिफाइड साइलेंसर बेचते पाए जाने पर उन्हें जप्त किया गया तथा दुकानदारों को चेतावनी दी गई कि भविष्य में ऐसे साइलेंसर बेचने पर दुकान को ब्लैकलिस्ट करने की अनुशंसा की जाएगी। साथ ही गैरेज संचालकों को भी ऐसे वाहनों की सूचना पुलिस को देने के निर्देश दिए गए।

पुलिस ने वाहन चालकों को स्पष्ट चेतावनी दी है कि मोडिफाइड साइलेंसर का उपयोग मोटर व्हीकल एक्ट का उल्लंघन है और आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। युवाओं से विशेष अपील की गई है कि फैशन या दिखावे के लिए ऐसे साइलेंसर न लगाएं और मानक स्तर के साइलेंसर व आईएसआई मार्क हेलमेट का ही उपयोग करें।


इस कार्रवाई के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे, डीएसपी शिवचरण परिहार, टीआई वीरेंद्र नेताम सहित यातायात विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page