
बिलासपुर। थाना सिविल लाइन क्षेत्र के न्यू रिवर व्यू रोड पर खतरनाक स्टंट करते हुए बनाए गए एक वायरल वीडियो को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की है। वीडियो में बिना नंबर प्लेट की सिल्वर स्विफ्ट कार पर प्रसून यादव बोनट पर बैठकर जान जोखिम में डालते हुए स्टंट करता दिखाई दे रहा था, जबकि वाहन को तेज रफ्तार व जोखिमपूर्ण तरीके से आदित्य राणा चला रहा था। पूरा वीडियो ड्रोन कैमरे से ओंकार पटेल द्वारा फिल्माया गया था, जिसके वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई।
घटना को सड़क सुरक्षा नियमों की खुली अवहेलना मानते हुए सिविल लाइन पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर तीनों युवकों की पहचान की। कार्रवाई के दौरान बिना नंबर की कार और प्रयुक्त ड्रोन कैमरा जब्त कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि सार्वजनिक सड़कों पर इस प्रकार के स्टंट न केवल स्वयं की जान को खतरे में डालते हैं, बल्कि आम नागरिकों के लिए भी गंभीर जोखिम पैदा करते हैं।
मामले में तीनों आरोपियों—
1. प्रसून यादव, पिता अनिल यादव (21 वर्ष)
2. आदित्य राणा, पिता स्व. दशरथ राणा (18 वर्ष)
3. ओंकार पटेल, पिता गोविंद राम पटेल (25 वर्ष)

सभी निवासी ग्राम निरतु, थाना सीपत—को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध अपराध क्रमांक 1409/2025 दर्ज किया गया है। धारा 281, 3(5) BNS एवं 184, 189 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है।
इसके अतिरिक्त, पुलिस ने आरोपियों पर अलग से प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उनके ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि शहर में इस प्रकार की खतरनाक स्टंटबाजी और ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




