बिलासपुर में अवैध खनिज परिवहन पर बड़ी कार्रवाई, 16 वाहन जब्त .

बिलासपुर । जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश और उप संचालक खनिज प्रशासन के मार्गदर्शन में 2 जून से 5 जून तक विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान खनिज विभाग की टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में जांच कर अवैध परिवहन में संलिप्त 16 वाहनों को जब्त करते हुए 16 प्रकरण दर्ज किए हैं।

अभियान के तहत तेंदुआ, कोटा, चौरभट्ठी, कछार, लोफंदी, सेंदरी, कोनी, मंगला, हिर्री, पचपेड़ी, गोबरी, मल्हार और चकरभांठा समेत कई इलाकों में सघन जांच की गई। जांच के दौरान अवैध रूप से चूनापत्थर, रेत, साधारण पत्थर और मिट्टी-ईंट का परिवहन करते वाहन पकड़े गए। जब्त वाहनों में 8 हाइवा, 6 ट्रैक्टर-ट्रॉली और 2 माजदा वाहन शामिल हैं।
सभी वाहनों के खिलाफ खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 के तहत कार्रवाई की जा रही है। जब्त वाहनों को कोनी, कोटा, चकरभांठा, सकरी, हिर्री और पचपेड़ी थाना क्षेत्रों में सुरक्षित रखा गया है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनिज गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए खनिज, राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। साथ ही, इस तरह के अवैध कार्यों में शामिल लोगों को सख्त चेतावनी दी गई है कि प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा और राजस्व हानि रोकने के लिए कड़ी निगरानी जारी रहेगी।




