
बिलासपुर। थाना तारबहार पुलिस ने पुराना बस स्टैंड क्षेत्र में आम नागरिकों को चाकू दिखाकर डराने–धमकाने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से तीन नग लोहे के चाकू जब्त किए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजनेश सिंह द्वारा जिले के सभी थाना प्रभारियों को सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लेकर दहशत फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इसी निर्देश के तहत तारबाहर थाना प्रभारी को मुखबिर से सूचना मिली कि पुराना बस स्टैंड स्थित शराब दुकान के पास तीन व्यक्ति चाकू लेकर लोगों को भयभीत कर रहे हैं।
सूचना पर तत्काल पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्धों को हिरासत में लिया। पूछताछ में उनका नाम अजय गंगवानी (32 वर्ष), निवासी उदई चौक कत्यियापारा, ईश्वर साहू (32 वर्ष), निवासी शिव विहार अन्नपूर्णा कॉलोनी, थाना सिरगिटी, तथा सोंटी उर्फ ऋषभ तिवारी (31 वर्ष), निवासी मिलन चौक कुदुदंड के रूप में पहचान हुई। तलाशी के दौरान तीनों के पास से एक–एक लोहे का चाकू बरामद हुआ।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 374/2025 धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश कर दिया है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर में असामाजिक तत्वों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लेकर खौफ फैलाने वालों पर कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।




