
बिलासपुर। थाना कोनी पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल बेचने की फिराक में घूम रहे एक युवक को रंगे हाथ पकड़ा है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक बिना नंबर की काले रंग की होंडा शाइन मोटरसाइकिल जब्त की है, जिसकी कीमत लगभग 30 हजार रुपए बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना कोनी पुलिस लगातार वाहन चोरी के मामलों पर सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में 13 नवंबर 2025 को पुलिस को सूचना मिली कि तुरकाडीह चौक में एक व्यक्ति चोरी की मोटरसाइकिल को बेचने के लिए ग्राहक तलाश कर रहा है। सूचना पर तत्काल थाना कोनी की टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम पप्पू पटेल पिता रामपाल पटेल (उम्र 20 वर्ष), निवासी बड़ी कोनी, थाना कोनी जिला बिलासपुर बताया। जब पुलिस ने मोटरसाइकिल के दस्तावेज मांगे तो आरोपी कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। संदेह के आधार पर पुलिस ने मौके से बिना नंबर की होंडा शाइन मोटरसाइकिल को जप्त किया।
आरोपी के खिलाफ धारा 35(ख)(1),(ड) BNSS / 303 BNS के तहत अपराध दर्ज कर विधिवत कार्रवाई की गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बाइक कहां से चोरी की गई थी और इसमें अन्य लोग शामिल हैं या नहीं।




