कोटाबिलासपुर

जंगली जानवरों के शिकार के लिए लगाए गए करंट से व्यक्ति की मौत, शव जलाने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, दो बालक निरुद्ध .

बिलासपुर / थाना कोटा क्षेत्र के ग्राम डिंडोल में एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां जंगली जानवरों के शिकार के लिए बिछाए गए विद्युत करंट की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान अयोध्या सिंह खुसरो (उम्र 35 वर्ष), निवासी छिरहापारा धुमा थाना तखतपुर के रूप में हुई है।

घटना की जानकारी मिलने पर कोटा पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। जांच में पाया गया कि ग्राम नर्मदा डिंडोल के कुछ व्यक्तियों ने 11 केवी पोल से नंगी जीआई तार जोड़कर जंगली जानवरों के शिकार के लिए अवैध विद्युत करंट फैलाया था। इसी दौरान मृतक की मौके पर ही मृत्यु हो गई। आरोपियों ने साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी।

मामले में कोटा पुलिस ने आरोपी जान सिंह बैगा (48 वर्ष), अनिल बैगा (25 वर्ष) एवं दो विधि से संघर्षरत बालकों के विरुद्ध धारा 105, 238, 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर गिरफ्तार किया है। आरोपी घटना के बाद जंगल में छिपे हुए थे, जिन्हें पुलिस ने सूझबूझ से पकड़ लिया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी तोप सिंह नवरंग के मार्गदर्शन में स.उ.नि. नहारू राम साहू, चन्द्रप्रकाश पाण्डेय सहित पूरी पुलिस टीम का सराहनीय योगदान रहा।

🚨 जनअपील:
कोटा पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि जंगली जानवरों के शिकार हेतु अवैध विद्युत करंट या किसी भी खतरनाक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस या डायल 112 पर दें।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page