छत्तीसगढ़जरा हटकेबिलासपुर

शराब दुकानों में अहाता संचालन के लिए 8 नवम्बर से ऑनलाइन आवेदन शुरू

बिलासपुर / आबकारी विभाग ने वर्ष 2025-26 की शेष अवधि एवं 2026-27 के लिए मदिरा दुकानों से संलग्न अहाता संचालन हेतु पुनः ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। इच्छुक आवेदक 8 नवम्बर से सुबह 10:30 बजे से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन प्रक्रिया 24 घंटे और सप्ताह के सभी सातों दिन बिना अवरोध के जारी रहेगी। आवेदन विभाग की वेबसाइट https://excise.cg.nic.in/eAhata/indes.aspx पर किए जा सकेंगे।

यह आवेदन बिलासपुर जिले की देशी कम्पोजिट मदिरा दुकान पौंसरा, बंधवापारा एवं देशी-विदेशी मदिरा दुकान बेलतरा से संलग्न अहातों के संचालन के लिए आमंत्रित किए गए हैं। लाइसेंस आबंटन की प्रक्रिया छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम 1915 तथा इसके अधीन बनाए गए ‘छत्तीसगढ़ आबकारी देशी एवं विदेशी मदिरा की फुटकर बिक्री के अनुज्ञापन के व्यवस्थापन नियम 2018 (संशोधित)’ के तहत की जाएगी।

आवंटन प्रक्रिया पूर्णतः पारदर्शी ऑनलाइन प्रणाली के माध्यम से “पहले आओ, पहले पाओ” के सिद्धांत पर आधारित होगी। अनुज्ञप्ति की वैधता वर्तमान वित्तीय वर्ष 2025-26 की शेष अवधि और आगामी वर्ष 2026-27 तक मान्य रहेगी।

आबकारी विभाग ने इच्छुक आवेदकों से अपील की है कि वे समय पर आवेदन करें ताकि उन्हें अहाता संचालन का अवसर प्राप्त हो सके।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page